रानीखेत (अल्मोड़ा)। कोरोना का कहर क्षेत्र में कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की शाम यहां झलोड़ी गांव निवासी 58 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। शुक्रवार की रात उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। शनिवार को उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन कोसी के आसपास उन्होंने दम तोड़ दिया।
कोविड नियमों के अनुसार अल्मोड़ा में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई। बता दें कि क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। नायब तहसीलदार विवेक रजोरी ने बताया कि झलोड़ी निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित थे। शनिवार को उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन कोसी के पास उन्होंने दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि कोरोना के अलावा मृतक को शुगर, निमोनिया भी था। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी मास्क पहनने पर जोर दिया जा रहा है। कहा कि एहतियात बरतने की जरूरत है। इसी को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीमें निरंतर अभियान भी चलाए हुए हैं।