रानीखेत (अल्मोड़ा)। जरूरी बाजार के बाद नगर से लगी नई बस्ती में एक ही घर के तीन और व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने से हड़कंप मचा हुआ है। कुछ दिन पूर्व एक आशा कार्यकर्ता कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। अब उसका पति और दो बच्चों में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। इधर प्रशासन ने तीनों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर दिया है। नई बस्ती में कई लोगों के रेपिड टेस्ट किए जा रहे हैं।
बता दें कि कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने जरूरी बाजार क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया और पांच सौ से अधिक लोगों के कोरोना टेस्ट कराए। इनमें से 30 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी लोग अब कोविड केयर सेंटर से इलाज करवाकर घर लौट आए हैं। उन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। कंटेनमेंट जोन को हटा दिया गया है। इधर, नई बस्ती में आशा कार्यकर्ता के पति और बच्चों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। प्रशासन की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से वहां बस्ती में लोगों के रेपिड टेस्ट का कार्य शुरू कर दिया है। टेस्टिंग रविवार को भी चलेगी।