रानीखेत (अल्मोड़ा)। जिले में पहला कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद कुरैशियन मोहल्ला, सुदामापुरी, लोअर खड़ी बाजार को सील किया गया है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को भी इन क्षेत्रों में रहने वालों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। तीनों मोहल्लों के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। इनमें एक-एक डॉक्टर, एएनएम और आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की इन टीमों ने घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। उन्हेें कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया। खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत होने पर तत्काल परीक्षण करा लेने की अपील की गई। बताया कि जांच के दौरान सर्दी, जुकाम, बुखार आदि से पीड़ित रोगियों को चिह्नित किया जा रहा है। गंभीर रोगी को राजकीय अस्पताल में आइसोलेट किया जाएगा। सैंपल की जांच भी होगी। वहां बाहरी लोगों को जाने से रोका जा रहा है हालांकि स्थानीय लोगों को राशन सहित जरूरी सामान की खरीद के लिए सुबह छूट दी गई। इन लोगों को अपने मोहल्लों में ही जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। तीनों इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।