रानीखेत (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड सहकारी संघ के अध्यक्ष मातवर सिंह रावत ने यहां गनियाद्योली स्थित कोऑपरेटिव ड्रग फैक्टरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फैक्टरी के कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। मुख्य रूप से अब फैक्टरी के निरंतर घाटे में रहने और दवाओं की खरीद के ऑर्डर नहीं मिलने के मामले उठे। कोऑपरेटिव ड्रग फैक्ट्री श्रमिक संघ के अध्यक्ष मोहन नेगी के नेतृत्व में कई समस्याओं को लेकर अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा गया।
इससे पूर्व सहकारी संघ के अध्यक्ष मातवर सिंह का यहां पहुंचने पर सीडीएफ के अध्यक्ष मोहन नेगी, सचिव खुशाल सिंह डोगरा आदि पदाधिकारियों ने स्वागत किया और श्रमिकों की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। नेगी ने यूसीएफ अध्यक्ष को बताया कि स्थानीय कोऑपरेटिव ड्रग फैक्टरी को दवाओं की खरीद के आर्डर नहीं मिलने से फैक्टरी निरंतर घाटे में जा रही है।
कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के बाद यहां तीन सौ कर्मचारियों के सापेक्ष अब मात्र 12 से 15 कर्मचारी रह गए हैं। उन्होंने कर्मचारियों की नियुक्ति, पदोन्नति और अन्य समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। यूसीएफ अध्यक्ष रावत ने फैक्टरी और नवनिर्मित प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और समस्याओं का हरसंभव निदान कराने का आश्वासन दिया।
वहां फैक्टरी प्रबंधक जगदीश पवार, केमिस्ट पल्लवी, गोपाल पांडेय, पूरन थापा, हरीश नैनवाल, दान सिंह, हरीश आर्य, यशपाल डोगरा, विकाश जोशी, जीके तिवारी आदि रहे।