फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रदेश में दुग्ध समितियों को जल्द मिलेगा कूलर केन

Thu, 01 Jun 2017 10:45 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अल्मोड़ा।
विज्ञापन
दुग्‍ध संघ कार्यक्रम में मौजूद विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा है कि पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करना होगा। इससे जहां ग्रामीणों की आजीविका में बढ़ोतरी होगी, वहीं पलायन पर भी अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही पूरे प्रदेश में दुग्ध समितियों को कूलर केन उपलब्ध कराएगी। मुख्य अतिथि चौहान बृहस्पतिवार को दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि. और अमर उजाला के सहयोग से विश्व दुग्ध दिवस पर दुग्ध संघ परिसर पातालदेवी में उपभोक्ता जागरूकता अभियान का शुभारंभ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार विश्व दुग्ध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना होगा। पशुपालन, कृषि और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं।
विज्ञापन


दुग्ध उत्पादन में जिले को पहले स्थान पर लाने के लिए प्रयास करने होंगे। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र से 20 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस धनराशि से पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही एक हजार बद्री नस्ल की गायें पशुपालकों को उपलब्ध कराई जाएंगी। विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि खेती, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से ग्रामीणों को जोड़ना होगा। मुख्य विकास अधिकारी जीवन सिंह नागन्याल ने कहा कि मनरेगा से अब गोशाला भी बनाई जाएंगी। चारा विकास के कार्यक्रम को भी बढ़ावा देना होगा। दुग्ध संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंवर सिंह  गुसाईं ने कहा कि दुग्ध संघ को घाटे से उबारने और उत्पादकों के हित में काम होगा। अनावश्यक खर्चों में कटौती की जाएगी।

संचालन प्रभारी एमआईएस अरुण नगरकोटी ने किया। दुग्ध संघ के प्रधान प्रबंधक एनबी सनवाल ने दुग्ध संघ की स्थिति से अवगत कराया।  भाजपा जिलाध्यक्ष ललित लटवाल आदि ने भी विचार रखे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी सहायक निदेशक डेरी विभाग सुनील अधिकारी, पशु आहार निर्माणशाला के प्रधान प्रबंधक डा. मोहन चंद्र,  हवालबाग के ब्लाक प्रमुख सूरज सिराडी, रमेश बहुगुणा, ब्रह्मानंद डालाकोटी, सभासद अशोक पांडे, जय बल्लभ उप्रेती, मुकेश पांडे, पूर्व अध्यक्ष दीप डांगी, तुला राम, विद्या देवी, खाद्य निरीक्षक अभय कुमार आदि मौजूद थे।
विज्ञापन


दूध से सबसे लंबी मूंछ बना दीपिका ने किया दंग
 विश्व दुग्ध दिवस पर दुग्ध संघ परिसर पातालदेवी में हुई दूध की मूंछ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों को दूध पीने के लिए दिया गया। दूध पीने के उपरांत दूध से बनी लंबी मूंछ वाले दो बच्चों को पुरस्कृत किया गया। दूध की मूंछ प्रतियोगिता में इंद्रा बाल विद्यालय शैल की कक्षा चार की छात्रा दीपिका आर्या ने प्रथम, राजकीय प्राथमिक विद्यालय एनटीडी के पांचवीं के छात्र यश पवार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के करीब साठ बच्चों ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी जीएस नागन्याल, दुग्ध संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुंवर सिंह गुसाईं ने अव्वल रहे बच्चों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बच्चों को नियमित दूध पीने की शपथ भी दिलाई गई।

दूध की गुणवत्ता जांच की विधि बताई
 दूध अपमिश्रण की जांच के लिए दूध का दूध पानी का पानी कार्यक्रम संचालित किया गया। डेरी के कार्मिकों ने स्ट्रिप से दूध की गुणवत्ता की विधि बताई। इस दौरान शुद्ध दूध की जांच करने के लिए पीले रंग की स्ट्रिप डाली गई तो स्ट्रिप के रंग में कोई अंतर नहीं आया। जब सोडा युक्त मिलावटी दूध में यह पीली स्ट्रिप डाली गई तो स्ट्रिप गुलाबी हो गई। लेक्टोमीटर से दूध की गुणवत्ता जांचने की विधि भी समझाई गई।

उपभोक्ता जागरूकता अभियान आज धारानौला में
 शुक्रवार दो जून को उपभोक्ता जागरूकता अभियान धारानौला बाजार में प्रात: 11 बजे से शुरू होगा, जबकि तीन जून को खत्याड़ी बाजार, चार जून को चौखुटिया, पांच जून को सोमेश्वर, छह जून को भिकियासैंण सात जून को रानीखेत बाजार में कार्यक्रम होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें