अल्मोड़ा/सोमेश्वर। माइक्रो कंटेनमेंट जोन (एमसीजेड) में पुलिस भी लोगों को जागरूक कर रही है। सोमेश्वर पुलिस ने शुक्रवार को क्षेत्र के एमसीजेड ग्राम माला में लोगों को जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम से तालमेल बनाकर 100 से अधिक व्यक्तियों के कोरोना नमूने लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा।
सोमेश्वर थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने स्वास्थ्य विभाग के डॉ. आनंद तिवारी के साथ जाकर एमसीजेड ग्राम माला में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। संक्रमितों के संपर्क में आए अन्य लोगों समेत संक्रमण के लक्षण पाए जाने वाले करीब 100 से अधिक लोगों के स्वैब के नमूने लिए गए।
उधर ग्राम जाल धौलाड़ में निर्माणाधीन भवन में कार्य कर रहे मजदूरों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया गया। अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की। सुरक्षित दूरी नियमों का पालन, मास्क पहनने और सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर खुद और दूसरों को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।