अल्मोड़ा। सांसद अजय टम्टा ने बुधवार को चितईपंत से पेटशाल के लिए स्वीकृत वैकल्पिक मोटर मार्ग का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मार्ग को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। अधिकारी सभी औपचारिकताएं जल्द पूर्ण कर मार्ग का निर्माण शुरू करवाएं।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ मार्ग पर चितई से पेटशाल तक कई बार दुर्घटना हो चुकी हैं। यह मार्ग काफी संकरा है इसको देखते हुए इस वैकल्पिक मोटर मार्ग का प्रस्ताव भेजा गया था। यह सड़क 2004 में स्वीकृत हुई, लेकिन वनभूमि की स्वीकृति नहीं होने के कारण नहीं बन सकी। अब भारत सरकार से मार्ग निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द मोटर मार्ग के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
सांसद ने कहा कि चितई मंदिर के समीप जाम की समस्या रहती है। इससे यात्रियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। इसके लिए एक अन्य वैकल्पिक मोटर मार्ग का निर्माण किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर कहा कि डाना गोलू से चितई मंदिर पार्किंग तक एक वैकल्पिक मोटर मार्ग का सर्वे कर प्रस्ताव शासन को भेजें। इस दौरान उनके साथ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सूरज सिराड़ी, लोनिवि और वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।