अतिक्रमण हटाने के विरोध में फड़-खोखा व्यापारियों का आंदोलन रंग लाने लगा है। धरने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने फिलहाल कुछ फड़-खोखा व्यापारियों को द्वाराहाट-आगर रोड में दुकान के लिए भूमि दिलाने पर सहमति दे दी है। हालांकि दूसरी तरफ धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उन्हें लिखित आदेश की कापी नहीं दी जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मालूम हो कि द्वाराहाट में रानीखेत-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। प्रशासन ने सड़क से अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया है। अतिक्रमण की चपेट में वर्षों से यहां फड़ लगाकर व्यापार कर रहे व्यापारी भी आ रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए धरना शुरू किया है। पिछले तीन दिनों से निरंतर धरना जारी है। इधर मंगलवार को प्रशासन नौ फड़, खोखा व्यापारियों को द्वाराहाट-आगर मोटर मार्ग पर छह-छह फुट भूमि देने पर सहमत हो गया है। व्यापारी वहां दुकान खोल सकेंगे।
राजस्व निरीक्षक आशुतोष लोहनी ने भूमि की नाप जोख भी कर ली है, लेकिन दूसरी तरफ व्यापारियों का कहना है कि जब तक लिखित आदेश की कापी नहीं उपलब्ध कराई जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। नगर पंचायत प्रांगण में धरना देने वालों में प्रेम प्रकाश, सुरेश भट्ट, जगदीश बुधानी, राजेंद्र लाल चौधरी, मनोज अधिकारी, मदन सिंह, महेश पंत, कुंती देवी, लीला देवी, रेखा आर्या, बसंत कुमार, दीपा देवी, प्रमोद पांडे, रवि जोशी, तेज सिंह खंपा, नीरू आर्या, विजय लाल चौधरी आदि शामिल थे।
दोबारा अतिक्रमण न हो, सचेत है प्रशासन
राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का कार्य जारी है। प्रशासन का कहना है कि घटगाड़ से लेकर मुख्य बाजार तक अतिक्रमण तोड़ दिया गया है, हां फिर लोग अतिक्रमण न करें, इसके लिए भी सावधानी बरती जा रही है। एसडीएम फिंचा राम चौहान ने कहा कि राजस्व नक्शे के हिसाब से कार्रवाई चल रही है। उन्होंने लोगों से नालियों के ऊपर झांप नहीं लगाने और दुकान का सामान सड़क तक नहीं फैलाने की अपील की है।