अल्मोड़ा के चौघानपाटा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर में 93.50 रुपये की बढ़ोतरी करने पर नाराजगी जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। विरोध में गुरुवार को चौघानपाटा में उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद महंगाई में लगातार इजाफा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू गैस सिलेंडर में भारी वृद्धि कर मोदी सरकार पूंजीपतियों का साथ देकर आम जनता की थाली से निवाला छीनने का काम कर रही है। सरकार गरीब तथा मध्यमवर्गीय जनता का आर्थिक उत्पीड़न कर रही है। लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से रसोई गैस के मूल्य में की गई बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की। पुतला फूंकने वालों में कांग्रेस नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, प्रदेश सचिव त्रिलोचन जोशी, सुंदर लटवाल, खजान मिश्रा, हेम जोशी, मदन डांगी, महिला जिलाध्यक्ष लता तिवारी आदि शामिल थे।