रानीखेत (अल्मोड़ा)। अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और उसे न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिलियानौला में अंकिता भंडारी को न्याय दो यात्रा निकाली। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाकर विरोध जताया।
मंगलवार को घोड़ीखाल (चिलियानौला) से निकली यात्रा चिलियानौला बाजार, बिड़ला विद्यालय, बधाण, तल्ला बधाण, सौखोला होते हुए ग्राम वलना पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान चिलियानौला टैक्सी स्टैंड में हुई नुक्कड़ सभा में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की अस्मिता का सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसी वीआईपी को बचाने के लिए सच्चाई पर पर्दा डाल रही है। भाजपा के एक पूर्व विधायक से जुड़े कथित ऑडियो का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतने गंभीर संकेतों के बावजूद जांच को आगे न बढ़ाना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी तब तक शांत नहीं बैठेगी जब तक अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता। वहां पालिकाध्यक्ष अरुण रावत, महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, कमलेश बोरा, गोपाल सिंह देव, नवीन बोरा, नेहा साह महरा, प्रीति पंत, अंकिता पडलिया, मोहन बिष्ट आदि मौजूद थे।
अंकिता को न्याय दिलाने के लिए अल्मोड़ा में कल निकलेगी महारैली
अल्मोड़ा। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने और उसे न्याय दिलाने के लिए विभिन्न संगठन आठ जनवरी को अल्मोड़ा में महारैली निकालेंगे। रैली चौघानपाट स्थित गांधी पार्क से शुरू होकर बाजार होते हुए पुन: चौघानपाटा पहुंचकर संपन्न होगी।
मंगलवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने माॅल रोड स्थित एक होटल परिसर में संयुक्त प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सच के साथ है तो उसे सीबीआई जांच कराने में किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होनी चाहिए। कहा जब तक अंकिता हत्याकांड की सीबीआई से निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों को सजा नहीं मिलती तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। वहां उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, उक्रांद के केंद्रीय मंत्री गिरीश गोस्वामी, सामाजिक कार्यकर्ता विनय किरोला, विनोद तिवारी, भूपेंद्र सिंह वल्दिया, सुजीत टम्टा, पान सिंह लटवाल, पुष्कर सिंह, पवन सिंह, जिला बार एसोसिएशन की महिला उपाध्यक्ष भावना जोशी आदि रहीं।
कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री रेखा और उनके पति गिरधारी का पुतला फूंका
अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधायक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दौलाघट में कैबिनेट मंत्री के पति गिरधारी और सोमेश्वर विधानसभा के कुंवाली क्षेत्र में रेखा आर्या का पुतला फूंका। उन्होंने नारे लगाकर विरोध जताया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि गिरधारी लाल साहू के बयान से महिलाओं की भावनाएं आहत हुईं हैं। भाजपा सरकार के संरक्षण में पार्टी के नेता और परिजनों में गलत मानसिकता पनप रही है। भाजपा सरकार इस मामले में चुप्पी साधे है। यह बयान भाजपा सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारों पर करारा तमाचा है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता के हत्यारों को सख्त सजा दी जाए। वहां ब्लॉक अध्यक्ष शिव राज सिंह नयाल, पूर्व राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा, पीतांबर पांडे, रमेश भाकुनी, न्याय पंचायत अध्यक्ष राजू चिलवाल, दिनेश पिलख्वाल, सुंदर आर्या, गणेश पाठक, गोविंद बल्टियाल, विनोद बिष्ट, प्रधान प्रकाश आर्या आदि रहे। संवाद