अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर सड़क की बदहाली को लेकर कलक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी वहां बेरिकेडिंग को देख भड़क गए। बेरिकेडिंग तोड़ और पुलिस कर्मियों को धकेल कर कांग्रेस के बड़े नेता और कार्यकर्ता जिला कार्यालय के प्रवेश द्वार के भीतर हॉल में घुसकर धरने पर बैठ गए। धक्का-मुक्की में पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या भी फंस गए।
अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब में सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कांग्रेसी दोपहर 12 बजे नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा सहित अन्य नेता बेरिकेडिंग हटाकर भीतर जाने के लिए पुलिस को मनाते रहे। पुलिस की मनाही के बाद कांग्रेसियों का पारा चढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने बेरिकेडिंग को जमीन पर गिरा दिया। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।
इसके बाद कांग्रेसी कलक्ट्रेट के हॉल में घुसकर धरने पर बैठक गए। सतर्कता बरतते हुए पुलिस ने प्रवेश द्वार बंद कर दिए। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच जमकर बहस हुई। धक्का-मुक्की में पूर्व सीएम हरीश रावत और यशपाल आर्या भी फंस गए। आर्य गिरने से बाल-बाल बचे।
बाद में डीएम आलोक कुमार पांडे अपने कार्यालय से नीचे आकर धरना दे रहे नेताओं से मिले। कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन दिया। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जल्द सड़क ठीक नहीं होने पर भवाली में एनएच जाम, कमिश्नरी और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का एलान किया।
सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी कर रही है। क्वारब की समस्या से आम जनता परेशान है लेकिन यात्रियों की जान को खतरा बना है पर सरकार इसे नजरअंदाज कर रही है। भू माफिया, जंगल माफिया हावी हैं। - करन माहरा, प्रदेश अध्यक्ष- कांग्रेस