सिमकनी मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा के लिए तैयार किया जा रहा मंच।
- फोटो : amar ujala
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार छह अप्रैल को एसएसजे परिसर के लोअर मालरोड स्थित सिमकनी मैदान में पार्टी प्रत्याशी प्रदीप टम्टा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राहुल गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए तीन दिन पूर्व ही एसपीजी अल्मोड़ा पहुंच चुकी है। इधर युकां कार्यकर्ताओं ने राहुल की सभा को सफल बनाने के लिए आज शहर में दुपहिया वाहन रैली भी निकाली।
हेलीकाप्टर से राहुल गांधी अपराह्न डेढ़ बजे कैंट स्थित सेना के मैदान में उतरेंगे और यहां से सभा स्थल सिमकनी मैदान पहुंचेंगे। तत्पश्चात जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे ने बताया कि सभा में करीब पंद्रह हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। अल्मोड़ा, जागेश्वर, सोमेश्वर, रानीखेत, सल्ट विधानसभा क्षेत्र से खासतौर पर कार्यकर्ता राहुल गांधी को सुनने पहुंचेंगे। इसके अलावा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिले से भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आएंगे। सिमकनी मैदान में मंच का निर्माण पूरा कर लिया गया है। वहीं बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं के वाहनों के लिए लोअर मालरोड में ही वाहन खड़े करने की व्यवस्था की गई है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश, संसदीय क्षेत्र के विधायक भी भाग लेंगे। सभा स्थल पर जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे के अलावा पूर्व विधायक मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला समेत अन्य पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।