अल्मोड़ा। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार द्वारा चिकित्सा विभाग में स्टाफ नर्स (उपचारिका) के रिक्त 1238 पदों को भरने के लिए जारी की गई विज्ञप्ति में थोपी गई शर्तों को पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए अव्यवहारिक बताया है। इसके विरोध में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोेशी और युकां के प्रदेश प्रवक्ता वैभव पांडे मंगलवार शाम से गांधी पार्क में चौबीस घंटे के उपवास में बैठ गए हैं। आंदोलन के समर्थन में विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल और करन माहरा, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोेशी समेत काफी संख्या में कांग्रेसजनों ने धरना दिया।
सभा में राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने आरोप लगाया कि सरकार ने स्टाफ नर्स के आवेदकों से 30 बेड से अधिक क्षमता वाले अस्पताल में एक वर्ष का कार्य अनुभव मांगा है, जबकि पर्वतीय नौ जिलों में 30 बेड से अधिक के गिने-चुने ही अस्पताल हैं। वहीं अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र के साथ आयकर अधिनियम के तहत फार्म 16 प्रस्तुत करने की भी अनिवार्यता लागू की गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 जनवरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पर्वतीय क्षेत्र के अभ्यर्थी स्टाफ नर्स के लिए आवेदन करने से वंचित हो जाएंगे। कहा कि, कांग्रेस ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी अवगत अवगत करा दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार पहाड़ विरोधी साबित हो रही है। रोजगार से जुड़ा यह गंभीर मामला है। विधायक करन माहरा ने कहा कि भाजपा गरीब को मजबूत नहीं होने देना चाहती है। भाजपा सरकार ने पहले चतुर्थ श्रेणी के पद समाप्त किए, अब पेंशन बंद कर रही है। पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रशिक्षित बेरोजगारों को रोजगार नहीं दे रही है। विज्ञप्ति निकाली जाती है, लेकिन पद नहीं भरे जाते हैं। इससे पूर्व कांग्रेस नेताओं ने पत्रकार वार्ता में भी भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए।
सभा में जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, रंजीत दास, बीके पांडे, संजय दुर्गापाल, महेश आर्या, युकां जिलाध्यक्ष निर्मल रावत आदि ने विचार रखे। समर्थन में ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बोरा, अरविंद रौतेला, जितेंद्र सिंह अधिकारी, पुनीत प्रभात, हर्ष कनवाल, अंबी राम आर्य, जीवन सिंह अधिकारी आदि कांग्रेसी धरने पर बैठे।