सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय भैसड़गांव की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजू भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अस्पताल भवन के आसपास उगी घास-झाड़ियों की सफाई कर शासन-प्रशासन का ध्यान अस्पताल की दुर्दशा की ओर खींचा।
राजू भट्ट ने कहा कि चिकित्सालय भवन लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में है। भवन के आसपास उगी झाड़ियां अस्पताल की बदहाली को साफ तौर पर बयां कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के माध्यम से सरकार को अस्पताल की स्थिति का आईना दिखाने का प्रयास किया गया है। कार्यकर्ताओं ने भवन के उचित रखरखाव और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिकित्सालय परिसर में सांकेतिक धरना भी दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल भवन की मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, प्रकाश खाती, हीरा मेहरा, लक्ष्मण मेहरा, रणजीत नयाल, श्याम सिंह दोसाद, कैलाश कुमार, ग्राम प्रधान माला, राहुल कुमार, मनीष चंद, अर्जुन बोरा, भुवन तिवारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।