उत्तराखंड क्रांतिदल के केंद्रीय अध्यक्ष पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस सरकार से भाजपा ने अघोषित समझौता कर लिया है। जिसके चलते प्रदेश बर्बादी की ओर बढ़ रहा है। कहा कि देहरादून में चाय बागान की जमीन को स्मार्ट सीटी के नाम पर खुर्द-बुर्द करने के बजाए गैरसैंण, चौखुटिया और द्वाराहाट जैसे अविकसित ब्लाकों को स्मार्ट सीटी बनाने की पहल की जानी चाहिए।
श्री त्रिपाठी पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधा, रोजगार, शिक्षा, पेयजल, सड़क और कृषि बदहाल हैं पलायन की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। कहा कि जहां उत्तराखंड में शराबबंदी लागू होनी चाहिए वहीं मुख्यमंत्री भांग की खेती की बात कर युवा पीढ़ी को बर्बाद करना चाहते हैं। कहा कि नानीसार में गांव वासियों की कई एकड़ जमीन निजी हाथों बेचने का षड़्यंत्र किया जा रहा है।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की जन विरोधी नीतियों के विरुद्ध उक्रांद जन जागरण अभियान चलाएगा। 26 और 27 दिसंबर को रुद्रपुर में होने वाली केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में गैरसैंण में स्थायी राजधानी और नानीसार और देहरादून के निकट चाय बागान की जमीन को खुर्दबुर्द करने के विरोध में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। वार्ता में जिलाध्यक्ष गजेंद्र नेगी, ब्लाक अध्यक्ष आनंद किरौला, श्याम सिंह मेहरा, नरेंद्र मेहरा, आनंद नाथ और रमेश अधिकारी आदि मौजूद थे।
------------------
चौखुटिया में पत्रकार वार्ता से पूर्व पार्टी पदाधिकारियों से मंत्रणा करते यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष पुष्पेश त्रिपाठी।(फोटो08एएलएमसीएचके01पी)