अल्मोड़ा के एक होटल में बैठक करते कांग्रेस के पदाधिकारी । संवाद
- फोटो : Samvad
लोकसभा क्षेत्र प्रभारी प्रो. जीत राम ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लोस चुनाव में टिकट को लेकर की मंत्रणा
अल्मोड़ा। कांग्रेस के अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट के प्रभारी प्रो. जीत राम ने अल्मोड़ा पहुंचकर टिकट बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। उन्होंने कहा कि चारों जिले के कार्यकर्ताओं की राय पर ही कांग्रेस प्रत्याशी तय करेगी। जो जिताऊ होगा और कार्यकर्ता जिसके पक्ष में होंगे, उसी को टिकट मिलेगा।
बुधवार को नगर के एक होटल में प्रो. जीत राम एवं लोकसभा कोआर्डिनेटर महेश शर्मा ने लोस चुनाव की तैयारी को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। प्रो. राम ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं इसलिए पार्टी के घटकों के साथ इसकी तैयारी और टिकट बंटवारे को लेकर रायशुमारी की जा रही है। कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होना होगा। निश्चित तौर पर आने वाला समय कांग्रेस का है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रचंड जीत के साथ सत्ता में आएगी। उन्होंने टिकट बंटवारे को लेकर कहा कि अल्मोड़ा के साथ ही पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उनकी राय ली जाएगी। जो चेहरा कार्यकर्ता फाइनल करेंगे, उसे पार्टी सामने करेगी।
उन्होंने कहा कि जिताऊ चेहरे को ही टिकट दिया जाएगा। सभी जिलों में बैठक कर कार्यकर्ताओं की राय को 28 जनवरी को देहरादून में होनी वाली स्क्रीनिंग कमेटी के सामने रखा जाएगा। अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान का होगा। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, विधायक मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष शोभा जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र बाराकोटी, पीतांबर पांडे, नगर महिला अध्यक्ष दीपा साह आदि मौजूद रहे। संवाद