अल्मोड़ा। रसोई गैस के बढ़ते दाम और आसमान छूती महंगाई से गुस्साए कांग्रेसियों ने बृहस्पतिवार को चौघानपाटा में केंद्र और राज्य सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। उन्होंने नारेबाजी करते हुए कहा कि भाजपा सरकारें महंगाई कम करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही हैं। गैस सिलिंडर 800 तो पेट्रोल सौ के पार हो गया है। महंगाई रोकने में नाकाम डबल इंजन की जनविरोधी सरकार ने सत्ता में बने रहने का अधिकार खो दिया है।
बृहस्पतिवार को चौघानपाटा में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए डबल इंजन की सरकार का पुतला जलाया। नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला ने कहा कि कोरोना काल में बढ़ती बेरोजगारी से जनता परेशान है। ऐसे में भाजपा सरकार आए दिन रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है। जरूरी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। जिला महासचिव गीता मेहरा ने कहा कि रसोई गैस के साथ ही पेट्रोलियम पदार्थों के दाम काफी बढ़ गए हैं। केंद्र और राज्य सरकार कीमतें नियंत्रित करने में असफल साबित हो रही हैं।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने कहा कि सरकार को जनता की दु:ख तकलीफों से कोई लेना देना नहीं रह गया है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल के दामों में की गई बढ़ोत्तरी वापस लेने की मांग की। वहां जिला उपाध्यक्ष विनोद वैष्णव, तारू तिवारी, जिला प्रवक्ता राजीव कर्नाटक, जिला सचिव दीपांशु पांडे, फाकिर खान, महेश चंद्र, सलीम अख्तर, किशन लाल आदि थे।