अल्मोड़ा। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद किए गए कथित शुद्धीकरण को लेकर नगर निगम के कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने बुधवार को विरोध जताया। पत्रकारों से बातचीत में पार्षदों ने इसे शर्मनाक कृत्य बताते हुए कहा कि इस घटना ने देश और उत्तराखंड को शर्मसार किया है।
पार्षद दीपक कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कुछ लोगों के प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की जबकि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या जब कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे तो उन्हें दो से तीन घंटे तक रोका गया। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में भी कांग्रेस नेताओं को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए करीब तीन घंटे इंतजार करना पड़ा। पार्षदों ने इसे कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान बताया। उन्होंने अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा के उस कथित बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें खरगे ने इस मामले को संसद में उठाए जाने पर टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश को छुआछूत के दौर की ओर ले जा रही है। इसका जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी। इस दौरान अनूप भारती, विकास कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश कुमार डैनी और नवीन चंद्र आर्या मौजूद रहे।