अल्मोड़ा। कांग्रेस नेता पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कोरोना महामारी में लाकडाउन के बीच केंद्र और राज्य सरकार द्वारा शराब की दुकानें खोले जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया। तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार को पहले तो देवभूमि उत्तराखंड में शराब को पूरी तरह से बन्द कर उत्तराखंड को ड्राई जोन घोषित कर देना चाहिए था परन्तु प्रदेश सरकार ने जनहित में ऐसा नहीं किया। महामारी के समय में जबकि पूरा देश लाकडाउन है और जनता पिछले चालीस दिन से दिक्कतों को झेलते हुए इस लाकडाउन का पूरी तरह पालन कर रही है। लोग घरों में कैद है। वहीं सोमवार से शराब की दुकानों को खोले जाने के केन्द्र और राज्य सरकार के एक गलत फैसले से सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ रही हैं। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर घर में रह रही रही जनता की मेहनत पर एक दिन में पानी फिर गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को उत्तराखंड में शराब की दुकाने बंद करनी चाहिए। वहीं इसके विपरीत प्रदेश सरकार द्वारा शराब की दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है जो जनभावनाओं के बिल्कुल विपरीत है।