नशे के कारोबारियों और नशापान करने वाले युवाओं की धरपकड़ के लिए पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए एसएसपी द्वारा गठित कंपोजिट टीम ने बुधवार शाम को यहां छावनी क्षेत्र में पांच छात्रों को नशापान करते दबोच लिया। इन सभी छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने देर शाम इन छात्रों के अभिभावकों को भी तलब किया है।
मालूम हो कि नगर में चिन्हित किए गए नशे के अड्डों पर छापेमारी करने और चरस आदि का धंधा करने वाले लोगों की धरपकड़ के लिए एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने पुलिस की कंपोजिट टीम बनाई है। इस टीम ने बुधवार को फलसीमा, कसारदेवी, सिकुड़ा बैंड, छावनी इलाके सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। इस टीम ने यहां छावनी क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के निकट पांच छात्रों को नशापान करते दबोच लिया। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि पांचों छात्रों के अभिभावकों को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि आगे भी पुलिस का अभियान चलता रहेगा।
एसएसपी ने बताया कि नशापान करने वाले कई अन्य छात्र चिन्हित किए गए हैं। ऐसे छात्रों को खुद ही नशा छोड़ देना चाहिए अन्यथा पुलिस प्रभावी कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि छात्रों को चरस आदि उपलब्ध कराने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा। इनमें से कई जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे। एसएसपी ने स्कूलों के प्रबंधन से भी आग्रह किया है कि हर रोज छात्रों के बैग चेक किए जाएं। उन्होंने कहा है कि स्कूल के साथ अभिभावकों को भी इसके लिए सजग रहना होगा। उन्हें अपने बच्चों के कपड़े और बैग आदि नियमित रूप से चेक करने चाहिए। उन्होंने कहा नशा करने वाले बच्चों के हाव भाव आदि से आसानी से पहचान हो सकती है।