निर्माणाधीन विवेकानंद पार्क का निरीक्षण करते डीएम सविन बंसल, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी सविन बंसल ने ब्राइटन कार्नर में 70 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन विवेकानंद पार्क का निरीक्षण किया। ग्रामीण निर्माण विभाग को कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा शहर सांस्कृतिक पहचान के साथ ही पर्यटन केंद्र के रूप में भी जाना जाता है। इसको ध्यान में रखते हुए यहां पर पार्क बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह स्थान शहर का प्रवेश स्थल है और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र भी है। पालिका ने पार्क बनाने के लिए भूमि दी है। पार्क में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थापित की जाएगी और बाल वाटिका विकसित होगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले आदि भी लगेंगे। उन्होंने बताया कि इस स्थान को विकसित करने के लिए जिला योजना से 20 लाख स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 50 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।
उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को जल्द से जल्द पार्क का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा कि ब्राइटन कार्नर पर्यटकों के लिए आकर्षक स्थान है। यहां से हिमालय दर्शन और सूर्यास्त का दृश्य काफी सुंदर दिखाई देता है। पार्क के समीप ही रामकृष्ण कुटीर भी है। रामकष्ण कुटीर के स्वामी सोमदेवानंद ने कहा कि पार्क के बनने से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। इस अवसर पर तहसीलदार पीडी सनवाल, ग्रामीण निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आर चंद्रा आदि भी उपस्थित थे।