निगरानी समिति की बैठक लेते केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा।
- फोटो : अमर उजाला
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की विकास भवन में हुई बैठक में केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मनरेगा, दीनदयाल अंत्योदय, दीनदयाल ग्रामीण कौशल योजना, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय पेयजल सहित अन्य योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा योजना में विभिन्न संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जियो टैगिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं का कार्य फरवरी के अंत कर पूरा कर लिया जाए।
पेयजल पंपिंग योजनाओं की समीक्षा के दौरान देवलीखान पंपिंग योजना की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों पर उन्होंने जांच करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि सभी गांव विद्युतीकरण से लाभान्वित किए जाएं। उन्होंने आयुष्मान योजना के अंतर्गत सभी पात्र लोगों के गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी कार्य होना है उसे फरवरी माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में 20-20 गांव चिन्हित किए जाएं, जिसमें से विगत चार वर्षों से जो धनराशि खर्च की गई है उसका आकलन किया जा सके। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में अधिकारियों से निर्माणाधीन विद्यालय भवनों के कार्य को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, निवर्तमान सीडीओ मयूर दीक्षित, नवागंतुक सीडीओ मनुज गोयल, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी केके पंत, वनाधिकारी प्रवीण कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विनीता शाह, ब्लाक प्रमुख ताकुला दीपक बोरा, हवालबाग सूरज सिराड़ी, चौखुटिया विशन राम, द्वाराहाट ममता भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद पिलख्वाल, विधायक प्रतिनिधि पूरन कैड़ा, हरी राम आदि मौजूद थे।