अल्मोड़ा। जिले में मौसम बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर पड़ने लगा है। इन दिनों बच्चों में उल्टी, दस्त, पेटदर्द, एलर्जी की शिकायत आ रही है। बीते दिनों की अपेक्षा जिला अस्पताल में पहुंचने वाले बच्चों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है। इससे चिकित्सकों के साथ ही अभिभावक भी चिंतित हैं।
जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम में बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ने लगी है। ऐसे में 10 साल के तक बच्चे उल्टी, दस्त, एलजी, पेट दर्द की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में जहां बीते दिनों उपचार को पहुंचने वाले बच्चों की संख्या 25 से 30 थी वहीं बारिश के बाद अब 50 से अधिक बच्चे हर रोज इस बीमारी से जूझते हुए यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में चिकित्सकों ने चिंता जताते हुए अभिभावकों से सावधानी बरतने की अपील की है। जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष पंत ने कहा कि बारिश के बाद पानी भी दूषित हो गया है। मौसम में खासा बदलाव हुआ है। ऐसे में कई तरह की बीमारी से जूझते हुए अस्पताल पहुंचने वाले बच्चों की संख्या में खासा उछाल आया है। अभिभावकों को उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना होगा। नहीं तो समस्या गंभीर हो सकती है।
ऐसे करें बच्चों की देखभाल
अल्मोड़ा। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष पंत ने कहा कि बच्चों को उबला और शुद्ध पानी पिलाना जरूरी है। बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए उनके खानपान का विशेष ध्यान रखना होगा। फलों को अच्छी तरह धोकर खिलाना चाहिए। उन्हें पौष्टिक आहार की अधिक जरूरत है।