रानीखेत (अल्मोड़ा)। 22 जनवरी को नानीसार में हुई मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी में आक्रोश है। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी हिमांशु एजुकेशन सोसाइटी के उपाध्यक्ष प्रतीक जिंदल, डीडा के प्रधान गोकुल सिंह राणा सहित 13 लोगों के खिलाफ रानीखेत न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में परिवाद दायर कर दिया है।
परिवाद में उन्होंने कहा है कि नानीसार में जिंदल समूह को अंतर्राष्ट्रीय विद्यालय के लिए गलत ढंग से भूमि दी गई थी। इसके विरोध में ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे। कोर्ट से काम रुकवाने का स्थगन आदेश लेकर वे लोग इसे तामील कराने नानीसार गए थे। जहां प्रतीक जिंदल समेत कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की। बाद में वहां पुलिस और प्रशासन के लोग पहुंचे को उन्होंने एफआईआर दर्ज करा दी, लेकिन ढाई महीने बाद भी प्रभावशाली आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।