पर्वतीय रूटों में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में अधिक किराया होने के कारण यात्री रोडवेज की बजाए केमू की बसों में सफर करते हैं।
इस कारण रोडवेज को काफी राजस्व का नुकसान हो रहा है। घाटे से उबरने के लिए रोडवेज ने ट्रायल के तौर पर अल्मोड़ा-बागेश्वर-बरेली सेवा में किराया 129 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया है। यदि इसके उत्साहजनक परिणाम आए तो अन्य रूटों पर भी यात्री केमू के बराबर ही रोडवेज में किराया चुका कर सफर कर सकेंगे।
परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक विजय तिवारी ने बताया कि वर्तमान में रोडवेज की बस में अल्मोड़ा से बागेश्वर का किराया 129 रुपये है जबकि केमू की बस में 100 रुपये है।
अब रोडवेज की बस में भी अल्मोड़ा से बागेश्वर का किराया 100 रुपये कर दिया गया है। अल्मोड़ा डिपो ने फिलहाल ट्रायल के तौर पर सिर्फ अल्मोड़ा-बागेश्वर-बरेली बस सेवा में किराया कम किया है। इस बस में सफर करने पर यात्रियों से अब तक बागेश्वर से हल्द्वानी का 279 रुपये किराया लिया जाता था, लेकिन अब इसे घटाकर 225 रुपये कर दिया गया है। एआरएम ने कहा है कि यदि प्रारंभिक तौर पर इस व्यवस्था के उत्साहजनक परिणाम मिले तो अन्य रूटों पर भी किराया घटाकर केमू के बराबर किया जाएगा।