उच्च न्यायालय के आदेश पर गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति ने मंगलवार को कोविड अस्पताल बेस का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समिति के सदस्य जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव रवि शंकर मिश्रा और सीडीओ नवनीत पांडे ने मरीजों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अस्पताल प्रशासन को निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान टीम सदस्यों ने कहा कि कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं इसलिए कोविड अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की जरूरत है। कोविड अस्पताल में आने वाले संक्रमितों को बेहतर सुविधा मिले इसका खास ध्यान रखा जाए।
अस्पताल की साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। वहीं अस्पताल को सैनिटाइजेशन करने, पर्याप्त मात्रा में दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने और बायोमेडिकल वेस्ट का उचित प्रबंधन करने को कहा। भर्ती मरीजों के खाने-पीने की उचित व्यवस्था रखने, सुरक्षा में तैनात कार्मिकों से मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को भी कहा। टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्टाफ समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। बेस अस्पताल के टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण कर वैक्सीनेशन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वहीं मरीजों के लिए बनाए गए कोविड केयर सेंटर डायट का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से जानकारी प्राप्त की। वहां मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरजी नौटियाल, एसीएमओ डॉ. दीपांकर डेनियल, एआरटीओ केसी पलड़िया, नगर पालिका ईओ श्याम सुंदर प्रसाद, कोतवाल हरेंद्र चौधरी आदि थे।