मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के मरचूला में चल रहे तीन दिवसीय मरचूला महोत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रम संकल्प खेतवाल के नाम रहे। महोत्सव में रात को हुए कार्यक्रमों में गायक संकल्प खेतवाल ने गढ़वाली, हिमाचली और हिंदी गीत गाकर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
संकल्प खेतवाल के माठू-माठू हिट छोरी तेरी गागर छलकेली गीत पर दर्शक झूम उठे। हिंदी और बॉलीवुड बैंड की धुन पर गायक अभिजीत श्रीवास्तव के गीतों पर भी लोग जमकर थिरके। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा भी खुद को नहीं रोक सके और उन्होंने भी स्टेज पर आकर गाना गाया।
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा लोक नृत्य, मैराथन, मरचूला फारेस्ट रेस, योग का प्रदर्शन किया गया। साहसिक गतिविधियों में हॉट एयर बलून, राक क्लाइंबिंग, वाटर रोलर, कयाकिंग कार्यक्रम हुए। मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिता के अलावा बाइकर्स रैली और मरचूला फिल्म फेस्टिवल का भी आयोजन हुआ। इस दौरान मरचूला स्थित महाशीर फिशिंग कैंप में मरचूला फिल्म फेस्टिवल में कई लघु फिल्मों ममत्व, मिर्ची कैफे, पापा का आशीष, प्लस-माइनस, दी ब्लू हॉर्स, डिअर आदि का प्रदर्शन किया गया। इस फिल्म फेस्टिवल में लोगों ने बढ़चढ़कर भाग लिया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल भी लगाए गए। जिसमें स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। लोगों के साथ ही विदेशी पर्यटकों ने भी स्टालों से खरीदारी की। यस फार रोड सेफ्टी बाइक रैली में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सल्ट राहुल शाह, उपजिलाधिकारी भिकियासैंण अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार सतीश बर्थवाल, बीडीओ रवि सैनी, उप शिक्षाधिकारी हिमांशु नौंगाई, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, सहायक अभियंता नरेंद्र कुमार, हरीश उपाध्याय, विनोद तिवारी, अनिल गौड़, अजीत नेगी आदि उपस्थित थे।
रचूला महोत्सव में गीत गाते गायक संकल्प खेतवाल।- फोटो : ALMORA