ग्रीन वॉक और फोटो सफारी के दौरान एकत्रित किया गया प्लास्टिक कचरा।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। ग्रीन हिल्स संस्था और उदयशंकर फोटोग्राफी क्लब की ओर से कसार देवी क्षेत्र में ग्रीन वॉक और फोटो सफारी आयोजित कर लोगों को संपूर्ण हिमालय और इस क्षेत्र को साफ रखने का संदेश दिया गया। चार किमी की इस वॉक के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरे को एकत्रित किया गया। कलमटिया रिजॉर्ट के सामने से शुरू हुई वॉक का डीनापानी मैदान में समापन हुआ।
ग्रीन हिल्स संस्था की सचिव डॉ. वसुधा पंत ने इस पहाड़ी में आने वाले पर्यटकों, आस पास के क्षेत्रों से शाम को सूर्यास्त का आनंद उठाने और पिकनिक मनाने आने वालों से आह्वान किया कि अपने साथ लाए गए किसी भी तरह के प्लास्टिक कचरे और कांच की बोतलों को बगैर तोड़े वापस ले जाएं। उन्होंने बताया कि संस्था इस क्षेत्र को आने वाले समय में स्थानीय लोगों के सहयोग से कचरा मुक्त बनाना चाहती है। ग्रीन हिल्स संस्था की ओर से इस क्षेत्र और इसके आस पास के माठ, पपरसेली, गधोली, मटेना गांवों में पांच अक्तूबर से नियमित रूप से स्वच्छता का कार्य किया जाएगा।
समापन पर लोक गायिका लता पांडे और कृतिका पांडे समेत अन्य ने शानदार प्रस्तुति दी। इससे पहले एसडीएम सदर गौरव पांडे, एडीएम शिप्रा, डीडीओ केके पंत, बीडीओ पंकज कांडपाल, डॉ. ओपी यादव ने ग्रीन वॉक का शुभारंभ किया। इस मौके पर विनायक पंत, भूपेन्द्र वल्दिया, रिटायर्ड एडिश्नल सेक्रेटरी भारत सरकार सुधीर तिवारी, फोटोग्राफी क्लब के जयमित्र बिष्ट आदि मौजूद थे।