अल्मोड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बुधवार को जिले के दौरे पर आएंगे। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में मंगलवार को अधिकारी सीएम के कार्यक्रमों की तैयारी में जुटे रहे। डीएम ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि बुधवार को सुबह 11 बजे सीएम देहरादून से प्रस्थान कर 12 बजे एसएसजे परिसर हेलीपैड (सिमकनी मैदान) पहुंचेंगे। दिन में करीब डेढ़ बजे स्व. सोबन सिंह जीना और स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। 1:40 बजे सर्किट हाउस पहुंचकर दर्जनों विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
दो से तीन बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। शाम तीन से चार बजे तक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 4:40 बजे ग्राम खत्याड़ी में पं. दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत पर्वतीय वास्तुशैली से बने होम स्टे का लोकार्पण करेंगे। शाम पांच से छह बजे तक विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा के सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने बताया कि सीएम रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। अगले दिन बृहस्पतिवार को सुबह 8:45 बजे सर्किट हाउस से प्रस्थान कर चैाखुटिया में प्रस्तावित हवाई पट्टी का हवाई सर्वेक्षण करते हुए जीटीसी हेलीपैड देहरादून पहुंचेंगे। डीएम ने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर एसएसपी पीएन मीणा, सीडीओ मनुज गोयल, कुलपति प्रो. नरेंद्र भंडारी, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, शिप्रा जोशी, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, विनीत बिष्ट आदि मौजूद रहे।