सफाई कर्मचारियों के पदों में कटौती करने से नाराज नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को नगर पालिका के सामने कुछ देर जाम लगा दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे पूर्व कर्मचारियों ने पालिका प्रांगण में धरना दिया।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका परिषद में सफाई कर्मचारियों के 173 पद हैं, लेकिन अब पदों में कटौती की जा रही है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के पदों में कटौती करने पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के पदों में कटौती की गई तो कर्मचारी आंदोलन तेज करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। धरने पर संघ के जिलाध्यक्ष राजपाल पवार, शाखाध्यक्ष सुरेश केशरी, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष भूपेंद्र जोशी, सुरेश चंद्र, नंदकिशोर, गिरवर लाल, राजेश टाक, दीपक चंदेल, सतीश कुमार, अनिल, राजेंद्र, हरिप्रसाद, चेतन, मुकेश, ललित, कृष्ण, संदीप, दीपक सैलानी, दीप चंद्र, चंद्रशेखर पवार आदि बैठे।