रानीखेत बाजार से डोर टू डोर कूड़ा ले जाता कैंट का वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर को स्वच्छ बनाने के लिए छावनी परिषद ने एक और मुहिम शुरू की है। पूरे नगर में अब घर-घर से कूड़ा उठाने की शुरुआत हो चुकी है। कैंट का वाहन सुबह हर दुकान से कूड़ा उठाकर उसे ट्रंचिंग ग्राउंड पहुंचाता है। इससे जहां नगर की सफाई व्यवस्था सुधरेगी, वहीं स्वच्छता सर्वेक्षण में कुमाऊं की सबसे बड़ी छावनी के अंक भी बढ़ेंगे।
छावनी परिषद पिछले दो साल से स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ रही है। इसे मजबूत बनाने के लिए अब नई मुहिम शुरू की जा रही है। नगर को साफ बनाने के दूसरे चरण के तहत अब घर-घर से कूड़ा उठाया जा रहा है। हालांकि परिषद के सफाई कर्मचारी पहले से ही घर-घर जाकर कूड़ा उठाते हैं। अब वाहनों के जरिये कूड़ा उठाया जा रहा है। लाउडस्पीकर के जरिये लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इससे जहां नगर की सफाई व्यवस्था सुधरेगी, वहीं स्वच्छता सर्वेक्षण में कैंट के नंबर भी बढ़ेंगे। वाहन सदर बाजार, जरूरी बाजार सहित नगर सड़क से लगे मोहल्लों में दुकानों और घरों से कूड़ा उठा रहा है। कूड़ा उठान का कार्य निशुल्क किया गया है। बताया जा रहा है कि बोर्ड की बैठक में दरें तय की जाएंगी। इसके बाद न्यूनतम शुल्क लिया जाएगा।
सबसे पहली बात यह है कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वाहन से कूड़ा उठाने के साथ ही लाउडस्पीकर के जरिये जागरूक भी कर रहा है। फिलहाल यह व्यवस्था ट्रायल पर है। इस व्यवस्था के सार्थक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। मैनुअल आधार पर भी कर्मचारी घरों से कूड़ा उठा रहे हैं। -अजय प्रताप, स्वच्छता निरीक्षक, छावनी परिषद रानीखेत।