गनियाद्योली में इस तरह से जलमग्न हुई है सड़क। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। बरसात ने लोनिवि के कार्यों की पोल खोलकर रख दी है। अल्मोड़ा-रानीखेत मार्ग कई स्थानों पर तलैया बन चुका है। रायस्टेट और गनियाद्योली के पास सबसे अधिक खतरा बना हुआ है। कीचड से सनी सड़क पर दो पहिया वाहनों के रपटने का खतरा बना हुआ है। सड़क पर पानी और कीचड़ होने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के किनारे झाड़ियां तक साफ नहीं की गईं। यहां वन्य जीवों के छिपने का अड्डा बना हुआ है।
बरसात का मौसम शुरू हो गया है। बरसात ने एक बार फिर से लोनिवि के दावों की पोल खोलकर रख दी है। जलमग्न सड़कों पर लोगों का चलना दूभर हो गया है। रायस्टेट और गनियाद्योली पर आधा किमी सड़क पर जगह जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के हालात और खराब हैं। जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जा रहा है। वाहन आते वक्त पानी और कीचड़ उछल जाता है जिस कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लोगों का कहना है कि बरसात से पूर्व लोनिवि से कई बार इन गड्ढों को भरने की मांग की गई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सड़कों के किनारे बड़ी-बड़ी झाड़ियां भी दुर्घटना को दावत दे रही हैं। कई स्थानों पर कलमठ बंद होने के कारण पानी सड़कों पर बह जाता है। इससे मुसीबत और बढ़ जा रही है। ग्रामीणों ने झाड़ियों को साफ करने और सड़कों की हालत सुधारने की मांग की है।