केमू स्टेशन अल्मोड़ा में बसों का इंतजार करते यात्री।। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। रोडवेज की कई बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों से जूझना पड़ा। दूसरे वाहनों की तलाश में यात्री स्टेशनों में भटकते रहे। बारिश होने से यात्रियों की अधिक परेशानियां झेलनी पड़ीं।
रोडवेज स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को अल्मोड़ा-धरमघर, अल्मोड़ा-टनकपुर, अल्मोड़ा-लमगड़ा-दिल्ली, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली, धरमघर-दिल्ली आदि सेवाओं का संचालन ठप रहा। बसें न चलने से टनकपुर, लमगड़ा, दिल्ली, बेतालघाट आदि स्थानों को जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्री एक दूसरे से बसों के बारे में जानकारी लेते हुए देखे गए। कई यात्रियों ने पूछताछ केंद्र में पता किया तो जानकारी मिली की आज कुछ सेवाएं नहीं चलेंगी। इससे यात्रियों को झटका लगा। दूसरे वाहनों की तलाश में यात्री स्टेशनों में भटकते रहे। बसें न मिलने पर कई यात्री केमू की बसों से रवाना हुए।
अल्मोड़ा से चंडीगढ़ जा रहे भरत मेहता ने कहा कि स्टेशन में इंतजार करते हुए काफी देर हो गई। स्टेशन परिसर में पंखा भी नहीं है जिससे उमस भरी गर्मी में इंतजार करने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। स्टेशन परिसर में सुविधाओं में इजाफा किया जाना चाहिए।
अल्मोड़ा से लखनऊ जा रहे पूरन सिंह स्टेशन में सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है। किराया बढ़ाने के बावजूद रोडवेज यात्रियों को सुविधा उपलब्ध नहीं करा रहा है। इससे यात्रियों पर दोहरी मार पड़ रही है। यात्री सुविधा बढ़ाई जाए।
अल्मोड़ा से चंडीगढ़ जा रहे मोहन सिंह चौहान ने कहा कि शौचालय में गंदगी है। इस कारण मुझे सुलभ शौचालय जाना पड़ा जिससे पैसे भी खर्च हुए। रोडवेज स्टेशन में शौचालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।