अल्मोड़ा। जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के विरोध में सर्वदलीय संघर्ष समिति ने मंगलवार को चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि डीडीए की समाप्ति तक आंदोलन जारी रहेगा।
मंगलवार को संघर्ष समिति के लोग संयोजक पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में चौघानपाटा गांधी पार्क पहुंचे और धरना दिया। जोशी ने कहा कि प्राधिकरण के नाम पर प्रदेश की जनता को परेशान किया जा रहा है। पूंजीपतियों को बढ़ावा देने के लिए यह कानून सरकार लाई है जो जनता के हित में नहीं है। लोगों के लिए अपना घर बनाना मुश्किल हो गया है। सदस्यों ने कहा कि वे लंबे समय से प्राधिकरण खत्म करने की मांग कर रहे हैं। चेतावनी दी कि जब तक प्राधिकरण पूर्ण रूप से समाप्त नहीं होता संघर्ष जारी रहेगा। वहां हेमचंद्र जोशी, महेश चंद्र आर्या, अख्तर हुसैन, नवीन चंद्र जोशी, आनंद बगड़वाल, प्रताप सत्याल, आनंद कनवाल आदि मौजूद रहे। संवाद