अल्मोड़ा। जिले के प्रसिद्ध चितई गोल्ज्यू मंदिर का मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पारंपरिक कुमांऊनी शैली में सौंदर्यीकरण होगा। मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। योजना के धरातल पर उतरने के बाद जिले को नई पहचान मिलेगी।
यहां पर्यटन कारोबार को नई गति मिलेगी।लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड योजना के तहत मंदिर में आर्किटेक्चर, स्ट्रक्चरल डिजाइन कर इसे संरक्षित करेगा। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में बिजली, सफाई व्यवस्था के लिए भी अलग डिजाइन तैयार किया जाएगा ताकि मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। इससे पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे। योजना को अस्तित्व में लाने के लिए विभाग ने सर्वे कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके पूरा होने के बाद विभाग प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजेगा।