मुख्यमंत्री साहब! हमारे विद्यालय शहीद चूड़ामणि राजकीय इंटर कालेज खुमाड़ में शिक्षकों के दस पद लंबे समय से खाली हैं। इंटर विज्ञान वर्ग को पढ़ाने के लिए कोई भी शिक्षक तैनात नहीं हैं। कला वर्ग की कक्षाएं एक शिक्षक के सहारे चल रही हैं। ऐसे में हम वैज्ञानिक, इंजीनियर कैसे बनेंगे। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में यह बात कही है। उन्होंने जल्द शिक्षक नहीं भेजने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, वाणिज्य, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, समाजशास्त्र प्रवक्ता और एलटी संवर्ग में विज्ञान विषय के शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली हैं। इंटर विज्ञान वर्ग को पढ़ाने के लिए कोई भी शिक्षक तैनात नहीं है। कला वर्ग की कक्षाएं एक शिक्षक के सहारे चल रही हैं। छह साल पहले इस विद्यालय में करीब 400 छात्र-छात्राएं पढ़ते थे। शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्र संख्या घटकर 70 पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि वार्षिक परीक्षा होने में अब कुछ माह ही बचे हैं ऐसे में कोर्स को समय पर पूरा करना एक चुनौती है। उन्होंने 15 दिन के भीतर शिक्षकों के खाली पदों पर नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में देवाशीष, सरस्वती, अर्चना, बबीता, मीनाक्षी, वर्षा, सचिन, नवीन, नितेश, लक्ष्मी, प्रेम, सूरज आदि छात्र-छात्राएं शामिल हैं।