अल्मोड़ा। प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल के पदोन्नति शिक्षकों के स्थान आवंटन को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद के नेतृत्व में गठित कमेटी ने जांच पूरी कर ली है। कमेटी ने जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है।
मालूम हो पिछले माह शिक्षा विभाग में प्राथमिक स्कूलों के 85 और जूनियर हाईस्कूल के 33 शिक्षकों को पदोन्नति मिली थी। प्रोन्नत शिक्षकों को स्कूलों का आवंटन किया गया था। डीएम को शिकायत मिली थी कि प्रोन्नत शिक्षकों को स्कूलों का गलत आवंटन हुआ है। जिसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एचबी चंद के नेतृत्व में कमेटी गठित कर मामले की जांच करने के निर्देश दिए थे।
सूत्रों के अनुसार जूनियर हाईस्कूल में तीन शिक्षकों को स्कूलों का गलत आवंटन हुआ है। इन विषयों के शिक्षकों को जिन स्कूलों में प्रोन्नति दी गई है। वहां पहले से ही उस विषय के शिक्षक तैनात हैं।
प्रोन्नति पाने के बाद इन स्कूलों में एक ही विषय के दो-दो शिक्षक हो गए हैं। वहीं दुर्गम से सुगम स्थान के लिए दस साल दुर्गम में रहने का मानक निर्धारित है, लेकिन प्रोन्नत तीन शिक्षकों को आठ से नौ साल दुर्गम की सेवा के बाद ही सुगम स्कूल आवंटित कर दिया गया है। इधर मुख्य शिक्षा अधिकारी चंद ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। आगे की कार्रवाई जिलाधिकारी के स्तर से होगी।