अल्मोड़ा। द्वाराहाट की बीएससी की छात्रा रसायन विज्ञान के अंक कम आने से इतनी निराश हुई कि घर छोड़कर चली गई। परिजनों ने जब उसे काफी ढूंढा लेकिन सफलता नहीं मिली तो पुलिस से मदद मांगी। गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू हुई और छात्रा बैलपड़ाव रामनगर में सकुशल मिल गई।
विज्ञापन
चार अक्तूबर को द्वाराहाट कोतवाली में एक महिला ने तहरीर दी कि उनकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। तहरीर के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की और उसकी खोजबीन शुरू की। सोमवार को पुलिस ने छात्रा को बरामद कर लिया। छात्रा ने काउंसलिंग के दौरान बताया कि हाल ही में आए नतीजे में रसायन विज्ञान के कम अंकों से वह बेहद आहत थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने छात्रा को परिजनों को सौंप दिया और उन्हें मानसिक रूप से सहारा दिया। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।