रानीखेत में इंटरलाक टाइल्स लगाने के लिए बाजार का मुआयना करते अधिकारी और जनप्रतिनिधि।
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटन नगरी में लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी नालियों और पटरियों के सुंदरीकरण का कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है। डीएम ने एडीबी आपदा खंड को तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। इधर विभाग ने कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष, सभासदों और व्यापारिक नेताओं के साथ बाजार का मुआयना भी कर लिया है।
पांच साल पूर्व अतिक्रमण के नाम पर प्रशासन ने पर्यटन नगरी की मुख्य बाजार में दुकानों के आगे बनी पटरियों को तोड़कर नालियां खोल दी, लेकिन सुंदरीकरण का कार्य नहीं किया गया है। क्षतिग्रस्त नालियां सैलानी नगरी के सौंदर्य पर बट्टा लगाने का काम कर रही हैं, पूर्व में इंटरलॉक टाइल्स के माध्यम से इस कार्य को स्वीकृति मिली, लेकिन विभाग ने बाजार का क्षेत्र छोड़ दिया।
इसके बाद व्यापार संघ ने भी कई बार इस मुद्दे पर आवाज उठाई। पिछले दिनों डीएम के यहां पहुंचने पर व्यापारिक नेताओं और छावनी सभासदों ने मुलाकात की तथा उन्हें इस बारे में जानकारी दी। डीएम ने तत्काल इंटरलॉक टाइल्स लगाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए।
एडीबी आपदा खंड के अधिशासी अभियंता एएस बिष्ट ने यहां बाजार क्षेत्र का मुआयना किया, उन्होंने कहा कि जहां-जहां पर जगह मिलेगी, वहां इंटरलॉक टाइल्स लगाए जाएंगे। मुआयने में कैंट उपाध्यक्ष मोहन नेगी, व्यापार मंडल महासचिव हर्षवर्धन पंत सहित कैंट बोर्ड के जेई आदि थे।