चौखुटिया में आंदोलनकारियों को मनाने का प्रयास करती प्रशासन की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड शासन ने चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 से बढ़ाकर 50 बेड के उप जिला चिकित्सालय के रूप में उन्नत करने की स्वीकृति दे दी है। अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार के आदेश के अनुसार, भवन निर्माण, आवश्यक पदों की सृजन और अन्य औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएंगी। इस फैसले से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर मरीजों को अब अल्मोड़ा या हल्द्वानी रेफर करने की जरूरत कम होगी।
आमरण अनशन को समाप्त कराने के लिए बृहस्पतिवार को प्रशासनिक टीम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अनशन स्थल पर आंदोलनकारियों से वार्ता की। हालांकि यह बैठक भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी और वार्ता विफल हो गई। आंदोलनकारी उप जिला अस्पताल का शासनदेश जारी होने के बाद भी नहीं माने।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सुनील राज, तहसीलदार तितिक्षा जोशी, डायरेक्टर स्वास्थ्य कुमाऊं मंडल नवीन तिवारी और प्रदेश विभाग प्रभारी अनिल साही समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम ने आंदोलनकारियों से धैर्य रखने और शासन स्तर से शीघ्र निर्णय आने का भरोसा दिलाया, लेकिन आंदोलनकारियों ने इसे केवल आश्वासन मानते हुए अनशन जारी रखने का फैसला लिया। आंदोलनकारियों ने दोहराया कि जब तक चौखुटिया अस्पताल में स्थायी चिकित्सकों की तैनाती और अन्य समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा।