रानीखेत (अल्मोड़ा)। बीते 26 मार्च को चौबटिया कस्बे से लापता हुई महिला को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला वहां अपने रिश्तेदार के यहां रह रही थी और नौकरी की तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसे पति के सुपुर्द कर दिया है। चौबटिया निवासी अंजू देवी पत्नी पंकज कुमार बीते 26 मार्च को बिना बताये घर से लापता हो गई थी। तमाम स्थानों पर खोज के बावजूद जब अंजू का कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।
कोतवाल संजय गर्ब्याल ने बताया कि सर्विलांस के माध्यम से महिला के मोबाइल की लोकेशन दिल्ली मिल रही थी। पुलिस दिल्ली गई तो महिला अपने रिश्तेदार के यहां मिल गई। इस दौरान महिला का घर में किसी से भी संपर्क नहीं हो पाया था। पुलिस का कहना है कि वह वहां नौकरी के सिलसिले में गई हुई थी। उसकी एक चार साल की बेटी भी है। पुलिस ने महिला को लाकर यहां उसके पति के सुपुर्द कर दिया है। टीम में एसआई शशि प्रभा, एसआई मोहन चंद्र, कांस्टेबल एसओजी हरीश और मोहन थे। ब्यूरो