प्रो. प्रदीप जोशी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। मूलरूप से अल्मोड़ा के जोशीखोला निवासी प्रो. प्रदीप कुमार जोशी को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का अध्यक्ष बनाए जाने पर नगर में खुशी की लहर है। लोगों ने इस महत्वपूर्ण पद पर प्रो. जोशी की नियुक्ति को अल्मोड़ा के लिए गौरव बताया है। प्रो. प्रदीप कुमार जोशी के पिता स्व. कैलाश चंद्र जोशी सेना में कार्यरत थे। प्रो. जोशी की ससुराल नैनीताल के अयारपाटा में है। उनकी शिक्षा कानपुर में हुई। उन्होंने अपने कॅरिअर की शुरुआत रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली से की थी। उन्होंने कई सालों तक वहां रीडर और प्रोफेसर के रूप में कार्य किया। वह 2015 में यूपीएससी के सदस्य बने। इससे पूर्व वह मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के भी अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। इधर नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी समेत नगर के अन्य लोगों ने उनके इस पद पर नियुक्त होने पर खुशी जताते हुए इसे अल्मोड़ा के लिए सम्मान बताया है।