एसडीएम से मिलते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के एक पब्लिक स्कूल में दसवीं के छात्र-छात्राओं ने स्कूल के चेयरमैन पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए कक्षा का बहिष्कार किया। बाद में छात्र कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी करते हुए उप जिलाधिकारी सदर विवेक राय को ज्ञापन सौंपा।
स्प्रिंग डेल्स स्कूल के दसवीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं ने उप जिलाधिकारी को बताया कि किसी ने विद्यालय के चेयरमैन के घर का शीशा तोड़ दिया। इस पर चेयरमैन ने छात्र-छात्राओं से पूछताछ की। छात्रों ने कहा कि शीशा टूटने के बारे में उन्हें कुछ भी जानकारी नहीं थी।
इस पर चेयरमैन भड़क गए और छात्रों को पीटने लगे। छात्रों ने आरोप लगाया कि चेयरमैन ने उनके साथ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौच की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में इस तरह के वातावरण से एक छात्रा बेहोश तक हो गई। एसडीएम श्री राय ने इस मामले की जांच करके उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र शांत हो गए।