वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय निबंध प्रतियोगिता-2014 में स्थानीय केंद्रीय विद्यालय की छात्रा मेघा खाती को उत्कृष्ट लेखन के लिए पुरस्कृत किया गया है। ‘मलेरिया-एक चुनौती, निवारण के उपाय’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता का पुरस्कार मेघा को गत 25 अप्रैल को विज्ञान भवन नई दिल्ली में दिया गया।
केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्या डा. माला तिवारी ने बताया कि मेघा खाती ने राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। मलेरिया दिवस पर 25 अप्रैल को दिल्ली विज्ञान भवन में आयोजित एक समारोह में प्रख्यात लेखक प्रो. यशपाल ने मेघा को यह पुरस्कार प्रदान किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
मेघा के इस प्रदर्शन के चलते प्रधानाचार्या सहित विद्यालय के तमाम शिक्षक शिक्षिकाओं ने हर्ष जताया है। भविष्य में और मेहनत करने को कहा है। इधर मेघा का कहना है कि 2014 में उन्होंने दिल्ली में इस प्रतियोगिता में भाग लिया था। उत्कृष्ठ लेखन के लिए पुरस्कार मिलेगा, उन्हें पक्का भरोसा था। माता, पिता और विद्यालय के गुरुजनों के आर्शीर्वाद से उन्हें यह सफलता मिली है। भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करेंगी।