नए साल के जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर समेत आस पास के पर्यटन स्थलों, होटल रिसोर्ट आदि में पर्यटक पहुंचने लगे हैं। बिंसर स्थित केएमवीएन के होटल दो-तीन दिनों के लिए पैक हो चुके हैं। कौसानी, कसारदेवी, रानीखेत में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर नए साल के जश्न के लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
नोटबंदी के बावजूद माह के आखिरी शनिवार 31 दिसंबर के लिए लोगों ने तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर समेत आसपास के पर्यटन स्थलों में स्थित होटल और रिसार्ट आदि में पर्यटकों के पहुंचने की सूचना है। शहर से करीब 35 किमी दूर बिंसर में भी काफी पर्यटक पहुंच गए हैं। बिंसर स्थित केएमवीएन के होटल फुल हो चुके हैं। इसके अलावा नगर के कसारदेवी, ईको पार्क और आसपास रानीखेत, कौसानी आदि पर्यटन स्थलों में भी पर्यटक पहुंचने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर नगर पालिका भी नए साल के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। युवाओं में भी नए साल के जश्न को लेकर खूब उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग नए साल के पहले दिन रविवार की छुट्टी को देखते हुए पिकनिक और मंदिर जाने का प्लान बना रहे हैं।
केएमवीएन में हर्बल चिकन समेत पहाड़ी व्यंजन
। 31 दिसंबर और नए साल का जश्न मनाने पहुंचने वाले सैलानियों के लिए केएमवीएन ने 25 से 30 प्रतिशत डिस्काउंट आफर शुरू किया है। होलीडे होम की प्रबंधक शीला साह ने बताया कि केएमवीएन 50 प्रतिशत तक बुक हो चुका है। ऑनलाइन बुकिंग आ रही है और पर्यटकों को डिस्काउंट आफर देने के साथ पहाड़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे। जिसमें गहत की दाल, गडेरी-मेथी की सब्जी के अलावा हर्बल चिकन खास तौर पर शामिल है। उधर केएमवीएन के बिनसर स्थित होटल के वरिष्ठ प्रबंधक गोपाल बिष्ट ने बताया कि तीन दिनों के लिए पूरा होटल फुल है। आसपास के अन्य रिसॉर्ट में भी काफी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।