अल्मोड़ा। सीबीएसई बोर्ड ने द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित करते समय पहाड़ की भौगोलिक स्थिति का ध्यान नहीं दिया। 15 मई से होने वाली इस परीक्षा के लिए केंद्र 100 किमी से भी अधिक दूरी पर बना दिया। 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। जिसका अभिभावक संघ ने विरोध जताया है।
सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा 15 मई से होने जा रही है। इस परीक्षा में राइका कनरा के 10वीं के छात्र भी परीक्षा के लिए पंजीकृत है। इस विद्यालय के बच्चों का परीक्षा केंद्र रानीखेत आर्मी स्कूल में बना दिया गया है। इस विद्यालय में गांव के गरीब बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। इस मामले ने सबको सुलभ शिक्षा के दावों की पोल खोल दी है। विद्यालय के अभिवावक संघ ने इस पर नाराजगी व्यक्त की है। अभिभावक संघ का कहना है कि अटल उत्कृष्ट जीआईसी कनरा के बच्चों के लिए कक्षा 10 की द्वितीय बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र 100 किमी दूर आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत बनाया जाना गलत है। उन्होंने कहा कि पूर्व में विद्यालय का परीक्षा केंद्र अटल उत्कृष्ट जीआईसी लमगड़ा था। अभिभावकों ने पीटीए अध्यक्ष हरीश बोरा के नेतृत्व में विद्यालय प्रधानाचार्य को परीक्षा केंद्र बदलने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा है कि विद्यार्थी रानीखेत जैसे पर्यटन स्थलों में तीन-दिन होटलों में रहकर परीक्षा देने में सक्षम नहीं है। उन्होंने सीबीएसई की इस व्यवस्था काो अव्यवहारिक बताया।
कोट
परीक्षा केंद्र बदलने के लिए सीबीएसई को मेल भेजी गई है। गरीब बच्चों की स्थिति को देखते हुए नजदीक केंद्र बनाने का आग्रह किया गया है सीबीएसई स्तर से ही परीक्षा केंद्र बदलने की कार्रवाई की जाती है। - मदन मोहन, प्रभारी प्रधानाचार्य जीआईसी कनरा