रानीखेत सील एरिया में पहुंची ग्रामीण बैंक की एटीएम वैन।
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद सील कुरैशियन मोहल्ला, सुदामापुरी और लोअर खड़ी बाजार के लोगों के सम्मुख अब नकदी का संकट गहरा गया है, हालांकि प्रशासन की और से राशन की व्यवस्था की जा रही है, लोगों को बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। बैंक और एटीएम सील एरिया से बाहर हैं। लोग नगदी के लिए परेशान हो रहे हैं। सूचना के बाद इस इलाके में ग्रामीण बैंक की एटीएम वैन भेजी गई, लेकिन दूसरे बैंक के एटीएम धारकों को इसका लाभ नहीं मिल सका।
नायब तहसीलदार दलीप सिंह ने बताया कि समस्या को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। इधर सील एरिया में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण निरंतर चल रहा है। एक दिन पूर्व एक बिहारी युवक को आइसोलेट किया गया है। उसकी अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है।
उधर सील एरिया के तीनों मोहल्लों में रहने वाले लोगों के लिए पुलिस गेहूं पिसवाएगी। लोगों से कहा गया है कि यदि उन्हें चक्की में गेहूं पिसवाने हों तो 16 अप्रैल को दोपहर एक बजे बाद 20-20 किलो गेहूं के थैले बना लें। पुलिस कर्मी गेहूं पिसवाकर लोगों को उपलब्ध कराएगी।