रानीखेत (अल्मोड़ा)। मजखाली में उप डाकघर में चोरी मामले में राजस्व पुलिस ने घटना के दूसरे दिन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संदिग्ध की शिनाख्त के प्रयास शुरू हो गए हैं। बदमाश उपडाकघर की तिजोरी उड़ा ले गए थे हालांकि बताया जा रहा है, तिजोरी में कागजात और लिफाफे ही पड़े थे। दूसरे दिन सीसीटीवी कैमरे में एक लंबा चौड़ा नकाबपोश व्यक्ति के दिखने का पता चला है। अब राजस्व पुलिस ने नकाबपोश की शिनाख्त तेज कर दी है।
मजखाली उप डाकघर में शनिवार की रात चोरों ने ताला तोड़ तिजोरी उड़ा ली थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर से भय का माहौल बना दिया है। इधर, राजस्व निरीक्षक नितिन जिगरान ने मौका मुआयना किया। सोमवार को विभाग की ओर से प्रभारी पोस्ट मास्टर प्रमोद सिंह ने मल्ली रियूनी चौकी में तहरीर दी। राजस्व निरीक्षक नितिन के अनुसार केस दर्ज कर लिया गया है।