अल्मोड़ा। पीएम के जागेश्वर दौरे के दौरान पुलिस का माइक्रोवेव चोरी होने के मामले में केएमवीएन के पांच कर्मियों पर केस दर्ज किया गया है। सभी अलग-अलग अतिथि गृह में तैनात हैं जो पीएम के दौरे के दौरान जागेश्वर धाम पहुंचे थे।
बीते 12 अक्तूबर को पीएम नरेंद्र मोदी जागेश्वर धाम पहुंचे थे। इस दौरान एसएसपी आरसी राजगुरु ने प्रशासन को पुलिस लाइन से सरकारी माइक्रोवेव उपलब्ध कराया था। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद भी माइक्रोवेव वापस नहीं मिला। पूछताछ में कार्यक्रम में तैनात केएमवीएन कर्मचारी टालमटोल करते रहे। लंबे समय बाद भी जब पुलिस को माइक्रोवेव वापस नहीं मिला तो कर्मियों के खिलाफ दन्या थाने में केस दर्ज किया गया। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि टीआरएच खैरना में तैनात पारस सत्वाली, नौकुचियाताल में तैनात वेटर पीतांबर दुम्का, तल्लीताल में तैनात वेटर किशोर कुमार, जागेश्वर में तैनात वेटर कुलदीप नेगी और कैटरिंग वर्कर सूखाताल में तैनात हरीश कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद