अल्मोड़ा के खत्याड़ी टाल में पहुंची लकड़ियां।
- फोटो : अमर उजाला
वन निगम को अल्मोड़ा नगर में स्थित टालों में जाड़े के मौसम में वितरण के लिए कोयला और जलौनी लकड़ी मिल गई है। वन निगम ने एक दिसंबर से लोगों को राशन कार्ड पर कोयले का वितरण शुरू कर दिया है।
वन निगम के नगर में खत्याड़ी और एनटीडी में लकड़ी टाल स्थित हैं। इन टालों से लोगों को जलौनी लकड़ी राशन कार्ड पर वन निगम सालभर उपलब्ध कराता है। वहीं कोयले का वितरण 15 नवंबर से शुरू होता है, लेकिन इस वर्ष जाड़े के सीजन में अब तक बारिश नहीं हुई है, लेकिन अब वन निगम ने टालों से कोयले का वितरण एक दिसंबर से शुरू कर दिया है। राशन कार्ड पर कोयला 15 रुपये प्रति किलो की दर से दिया जाता है, जबकि जलौनी लकड़ी 450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से दी जाती है।
टालों से कोयला प्रति यूनिट पांच किलो के हिसाब से उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाता है। वहीं जलौनी लकड़ी 50 किलो प्रति कार्ड दी जाती है। वन निगम के दोनों टालों में पिछले साल का ही करीब 250 क्विंटल कोयला वर्तमान में उपलब्ध है, जबकि जलौनी लकड़ी भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। वन निगम के प्रभागीय लौगिंग प्रबंधक दीप चद्र पंत ने बताया कि टालों से निगम ने कोयले का वितरण शुरू कर दिया है। उपभोक्ता राशन कार्ड के माध्यम से कोयला और जलौनी लकड़ी टालों में निश्चित मूल्य अदा कर प्राप्त कर सकते हैं।